सिटी पोस्ट लाइव
बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने तेजस्वी को “लाठी पिलावन” बताते हुए कहा कि बिहार आज तेज़ी से विकास कर रहा है, लेकिन तेजस्वी जैसे नेताओं को यह परिवर्तन समझ में नहीं आता।
नितिन नवीन ने कहा कि तेजस्वी यादव को अपराध पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी के नेतृत्व में जब राज्य में राजद की सरकार थी, तब अपराध को सबसे अधिक संरक्षण मिला। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में अपराध की घटनाओं पर त्वरित और सख़्त कार्रवाई की जाती है और दोषियों को जेल भेजा जाता है।
नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट, जिसमें भारत के जापान से आगे निकलने की बात कही गई है, पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नितिन नवीन ने कहा, “यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हम ‘विश्व गुरु’ बनने की ओर अग्रसर हैं और 2047 तक यह सपना अवश्य पूरा होगा।”
तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए पलायन और बेरोजगारी के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ये समस्याएं तेजस्वी के माता-पिता के शासनकाल की विरासत हैं। आज बिहार बदलाव की राह पर है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अंत में, नितिन नवीन ने कहा कि तेजस्वी यादव केवल नकारात्मक राजनीति करते हैं और उन्हें राज्य के सकारात्मक परिवर्तन दिखाई नहीं देते।