सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेमिका के साथ अपनी तस्वीर साझा कर सियासी हलकों में हलचल मचा दी। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि वह पिछले 12 वर्षों से अनुष्का यादव नामक युवती के साथ रिश्ते में हैं।

तेज प्रताप ने अपने फेसबुक अकाउंट से शाम 6:22 बजे यह पोस्ट की, जिसमें लिखा था “मैं तेज प्रताप यादव हूं और इस तस्वीर में जो लड़की मेरे साथ है, उसका नाम अनुष्का यादव है। हम पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और एक रिश्ते में हैं। मैं लंबे समय से यह बात साझा करना चाहता था, पर समझ नहीं पा रहा था कैसे करूं। इसलिए आज अपने दिल की बात आप सबके सामने रख रहा हूं, उम्मीद करता हूं आप इसे समझेंगे।”

हालांकि यह पोस्ट कुछ ही देर में डिलीट कर दी गई, लेकिन फिर 6:32 बजे दोबारा पोस्ट की गई। इसके बाद रात करीब 10 बजे तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि उनका अकाउंट हैक हो गया है और तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अपील की कि उनके शुभचिंतक और समर्थक अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।
विवाह, विवाद और चल रहा मुकदमा
तेज प्रताप यादव ने मई 2018 में पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से शादी की थी। ऐश्वर्या, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती हैं। लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला। अक्टूबर 2018 में तेज प्रताप ने पटना सिविल कोर्ट में तलाक की अर्जी दी, आरोप लगाया कि ऐश्वर्या उनके साथ रूखा व्यवहार करती थीं और ध्यान नहीं देती थीं। इस बीच ऐश्वर्या ने भी लालू-राबड़ी के घर से बाहर निकलते हुए ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। मामला अब भी अदालत में लंबित है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और हम (HAM) प्रमुख जीतन राम मांझी ने इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए लालू यादव से सफाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर लालू यादव इस मुद्दे पर चुप रहे तो जनता आगामी विधानसभा चुनावों में इसका जवाब देगी।