महाकुंभ स्नान से लौट रहे परिवार पर कहर, भोजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 6 की मौत

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुल्हनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां कार ने खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का एक पहिया 20 फीट दूर जाकर गिरा। कार में फंसे मृतकों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। मृतक पटना के जक्कनपुर स्थित सुदामा कॉलोनी के रहने वाले थे और प्रयागराज में महाकुंभ स्नान करके घर लौट रहे थे। परिजनों के अनुसार, सभी गुरुवार को प्रयागराज गए थे और शुक्रवार सुबह लौटते समय झपकी लगने के कारण कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई। 

इस हादसे में चार महिलाएं और दो पुरुषों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पटना के जक्कनपुर स्थित सुदामा कॉलोनी निवासी संजय कुमार (62) और उनकी पत्नी करुणा देवी (58) शामिल हैं। उनके बेटे लाल बाबू सिंह (25) और बेटी प्रियम कुमारी (20) की भी इस हादसे में जान चली गई। इसके अलावा, पटना के कुम्हरार निवासी आनंद सिंह की बेटी आशा किरण (28) और चंद्रभूषण प्रसाद की बेटी जूही रानी (25) भी इस दुर्घटना का शिकार हो गईं।

महाकुंभ स्नान की आस्था लिए निकला परिवार अब कभी लौटकर नहीं आएगा। पटना के इस परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि घर के चार लोगों समेत उनके दो करीबी रिश्तेदार भी मौत के आगोश में समा गए। इस घटना से उनके रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। 

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और थकान से गाड़ी चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। झपकी लगने के कारण हुई यह दुर्घटना एक बड़ी चेतावनी है कि लॉन्ग ड्राइव के दौरान पर्याप्त आराम न करने से जीवन खतरे में पड़ सकता है। यह हादसा भोजपुर जिले में हाल के दिनों में हुआ सबसे बड़ा सड़क हादसा बताया जा रहा है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।

Share This Article