सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा और आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले, राज्य सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गुरुवार देर शाम इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई। इस फेरबदल को चुनावी तैयारियों और प्रशासन को दुरुस्त करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रमुख अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां
इस तबादले में मुख्यमंत्री सचिवालय और पटना प्रमंडल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय का सचिव बनाया गया है। पटना प्रमंडल (पटना डिविजन) के नए कमिश्नर के पद पर अनिमेष कुमार परासर को नियुक्त किया गया है। पटना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब आईएएस यशपाल मीणा संभालेंगे, जिन्हें नगर आयुक्त, पटना बनाया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल दर्शाता है कि सरकार चुनाव से पहले महत्वपूर्ण जिलों और विभागों में अपनी प्रशासनिक टीम को अंतिम रूप दे रही है। माना जा रहा है कि इस तरह के और तबादले भी जल्द देखने को मिल सकते हैं, ताकि चुनाव आयोग द्वारा आचार संहिता लागू होने से पहले प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह से चुनाव मोड में आ जाए।