सिटी पोस्ट लाइव
ऑपरेशन सिन्दूर की ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिन के बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पटना में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिनमें भव्य रोड शो, नए एयरपोर्ट का उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट के शिलान्यास जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टि से अहम है, बल्कि इससे बिहार को बुनियादी ढांचे की दृष्टि से भी कई बड़ी सौगातें मिलने वाली हैं। आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सबसे पहले एयरपोर्ट परिसर से ही रोड शो की शुरुआत करेंगे। यह रोड शो डुमरा चौकी, पटेल नगर, राज भवन, राजवंशी नगर, पुनाईचक, हाई कोर्ट होते हुए इनकम टैक्स गोलंबर तक जाएगा। इसके बाद यह यात्रा भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेगी, जहां प्रधानमंत्री का कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
रोड शो को लेकर राजधानी पटना में जबरदस्त तैयारियां की गई हैं। सड़कों के किनारे 32 जगहों पर मंच (स्टेज) बनाए गए हैं, जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघों और आम नागरिकों द्वारा प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। इन स्थानों पर पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रति जनभावनाओं को अभिव्यक्त किया जाएगा। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार भाजपा कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह पटना में बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और बिहटा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आधारशिला भी रखेंगे।
गौरतलब है कि जब प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में गुजरात गए थे, तब भी उनके भाषण का केंद्र बिंदु ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ और राष्ट्रीय सुरक्षा रहा था। अब बिहार दौरे के दौरान भी इस थीम को आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद है। पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जगह-जगह पार्टी के झंडे, पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है और विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि राज्य के विकास के दृष्टिकोण से भी इसे एक निर्णायक क्षण माना जा रहा है।