पूर्णिया सांसद पप्पू यादव शुक्रवार शाम पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए। 7 दिनों की न्यायिक हिरासत के बाद बाहर निकलते ही उनके तेवर और संवेदनाएं दोनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
जेल से बाहर आने के बाद पप्पू यादव ने PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) के एक वार्ड का वीडियो साझा कर बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोली है। इसी वार्ड में गिरफ्तारी के दौरान उनका इलाज चल रहा था। एक्स (X) पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने लिखा- “PMCH के इस नर्क में मुझे उपचार के लिए रखा गया था। जब एक सांसद के साथ ऐसा सलूक हो रहा है, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा? यह बेशर्म व्यवस्था और मेरी गिरफ्तारी की घटना दिखाती है कि लोगों को यहाँ किस तरह जलील किया जाता है।”
भावुक पल: जब फूट-फूट कर रो पड़े विधायक;
दिल्ली रवाना होने से पहले पप्पू यादव ने पटना में अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और खुद उन्हें खाना परोसा। इस दौरान पटना एयरपोर्ट पर एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब विधायक आईपी गुप्ता उनसे मिलते ही गले लगकर रोने लगे। अपने साथी को इस तरह टूटते देख पप्पू यादव भी खुद को रोक नहीं पाए और भावुक हो गए।
न्याय की लड़ाई और सुरक्षा की मांग;
जेल से निकलते ही पप्पू यादव सबसे पहले फुलवारीशरीफ पहुंचे। वहां उन्होंने उस छात्रा के परिजनों से मुलाकात की, जिसकी कोचिंग की छत से गिरकर मौत हो गई थी। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे छात्रा को इंसाफ दिलाने के लिए अंतिम दम तक लड़ेंगे।
प्रमुख मांगें:
अपने दौरों और सुरक्षा खतरों को देखते हुए पप्पू यादव ने जिला प्रशासन से कुछ मांगें की हैं:
– Y+ श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था।
– दौरों के दौरान पुलिस एस्कॉर्ट की सुविधा।
– रात्रि विश्राम स्थलों पर हाउस गार्ड की तैनाती।