भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान का F-16 लड़ाकू विमान मार गिराया, सीमा पर बढ़ा तनाव

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नई दिल्ली:
पाकिस्तान द्वारा भारत के सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से किए गए हमलों की नाकाम कोशिश के बाद भारत ने गुरुवार शाम सख्त जवाबी कार्रवाई की। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराया, जिनमें एक अमेरिकी निर्मित F-16 सुपरसोनिक जेट भी शामिल था।

सूत्रों के अनुसार, यह F-16 विमान पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस से उड़ा था, जिसे भारतीय SAM (Surface-to-Air Missile) प्रणाली ने उसी क्षेत्र में मार गिराया। भारतीय सेना ने यह जवाबी कार्रवाई जम्मू क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा की गई मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में की।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सीमा पर बढ़ता तनाव:

भारत का बड़ा पलटवार : सरगोधा एयरबेस, पाकिस्तान की अग्रिम पंक्ति का सबसे महत्त्वपूर्ण और सुरक्षित एयरबेस है, जिसका उपयोग 1965 और 1971 के युद्धों में भारत के खिलाफ किया गया था। इस एयरबेस से F-16 जैसे आधुनिक लड़ाकू विमानों का संचालन किया जाता है, जो पाकिस्तान वायुसेना की रीढ़ माने जाते हैं।

भारत ने न केवल विमानों को निशाना बनाया, बल्कि जम्मू, पठानकोट और उधमपुर के आसपास के इलाकों में पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन को भी वायु रक्षा प्रणाली से सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। Integrated Defence Staff (IDS) ने बताया कि सभी हमलों को निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत बेअसर किया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पठानकोट और जम्मू पर भारी गोलाबारी : पठानकोट, जो सामरिक दृष्टि से बेहद महत्त्वपूर्ण है, भी पाकिस्तानी हमलों की चपेट में आया। साथ ही RS पुरा, अरनिया, सांबा और हीरानगर जैसे क्षेत्रों में भारी गोलाबारी जारी है। इन परिस्थितियों को देखते हुए राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों, चंडीगढ़ और मोहाली में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है।

भारत की बड़ी जवाबी कार्रवाई:

S-400 और HARPY ड्रोन का इस्तेमाल : भारत ने S-400 मिसाइल प्रणाली के माध्यम से न केवल हमलों को नाकाम किया, बल्कि लाहौर में एक पाकिस्तानी एयर डिफेंस साइट को भी निष्क्रिय कर दिया। इसके लिए भारत ने HARPY ड्रोन का इस्तेमाल किया, जो दुश्मन की रडार प्रणाली को खत्म करने में सक्षम है।

IDS के अनुसार, पाकिस्तान ने अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज जैसे क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की थी, जिसे भारतीय वायु सेना और यूएएस ग्रिड द्वारा पूरी तरह विफल कर दिया गया।

भारत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की बढ़ती आक्रामकता के खिलाफ आत्मरक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

Share This Article