सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विक्रमगंज के दुर्गाडीह से चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद), तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू यादव को कभी रेलवे के विकास और आधुनिक ट्रेनों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन उन्होंने उस भरोसे को तोड़ते हुए रेलवे में भर्ती के नाम पर गरीबों की जमीन हड़प ली।
मोदी ने कहा, “लालू यादव ने नौकरी के बदले जमीन लेने की स्कीम चला कर देश के गरीबों को लूटा है। रेलवे में नौकरी चाहिए? तो पहले जमीन दो! यही उनका सामाजिक न्याय था – गरीबों की मजबूरी का फायदा उठाकर खुद की राजशाही चमकाना।” प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राजद की राजनीति गरीबों के हक छीनकर अपनी सत्ता बचाने की रही है। उन्होंने लोगों को चेताते हुए कहा कि बिहार को एक बार फिर “जंगलराज” के उस दौर में नहीं लौटने देना है, जहां कानून नहीं, सिर्फ लालू परिवार की चलती थी।
मोदी ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, “ये लोग आज फिर नई-नई बातों से जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन असली चेहरा वही है – लूट, भ्रष्टाचार और दबंगई।” सभा में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मोदी ने जनता से अपील की कि वो “झूठ और धोखे की राजनीति” से सावधान रहें और विकास के रास्ते को न छोड़ें।