मुकेश सहनी का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप: ‘विपक्ष को अपना दुश्मन मानकर कर रहा है काम’

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ के शुभारंभ से पहले सासाराम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग विपक्ष को अपना दुश्मन मानकर काम कर रहा है।

सहनी ने इस यात्रा को ‘लोकतंत्र बचाने की यात्रा’ बताते हुए कहा, “हमें इस देश में लोकतंत्र बहाल करना है, न कि यहां राजतंत्र बनाना है। आज जिस तरीके से वोट की चोरी करके सरकार बनाई जा रही है, यह पूरे देश को पता है।” उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें वोट का अधिकार दिया है, और इसी अधिकार की वजह से देश में बदलाव हुआ है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सहनी ने अपनी बात को साबित करने के लिए लालू यादव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “वोट नहीं होता तो बिहार के मुख्यमंत्री लालू यादव नहीं बनते। अगर आज वोट का अधिकार नहीं होता तो मल्लाह का बेटा बिहार में मंत्री नहीं बनता।” उन्होंने लोगों से अपने वोट के अधिकार की रक्षा के लिए लड़ने का आह्वान किया।

सहनी ने सीधे तौर पर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह साफ-सुथरा चुनाव कराए, लेकिन वह विपक्ष को अपना दुश्मन मानकर काम कर रहा है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि छुट्टी के दिन भी चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है।

वीआईपी प्रमुख ने बिहार में बदलाव का भरोसा जताते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार बनेगी और आने वाले समय में वे सभी लोगों के लिए काम करेंगे। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है और विपक्षी दल लगातार सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोल रहे हैं।

Share This Article