सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में नवादा जिले में मतदान मंगलवार को होने जा रहा है। जिले की पांच विधानसभा सीटों नवादा, हिसुआ, रजौली, गोविंदपुर और वारिसलीगंज पर कुल 55 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 13 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं, जो इस बार आधी आबादी की आवाज़ बनकर मजबूती से चुनावी रण में उतरी हैं।
जिले में कुल 17,21,806 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 9,01,228 पुरुष, 8,20,475 महिलाएं और 103 मंगलामुखी मतदाता शामिल हैं। खास बात यह है कि जिले के कुल मतदाताओं में 48.33 प्रतिशत युवा वोटर हैं, जो इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाने वाले हैं।
हिसुआ विधानसभा में सबसे अधिक 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि नवादा सीट पर 12 प्रत्याशी, रजौली में 11, और गोविंदपुर व वारिसलीगंज में 99 प्रत्याशी चुनावी संघर्ष में हैं। महिलाओं की भागीदारी में भी इस बार वृद्धि हुई है — नवादा से 4, गोविंदपुर से 3, जबकि हिसुआ, रजौली और वारिसलीगंज से 22 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
चुनाव आयोग ने जिले में 2169 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं, जहाँ बिजली, पानी और शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाताओं के लिए मोबाइल फोन रखने की सुविधा भी होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। रजौली के 399 और गोविंदपुर के 404 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शाम 5 बजे तक, जबकि नवादा, हिसुआ और वारिसलीगंज के 1366 मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक चलेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने कड़े इंतज़ाम किए हैं। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 (बी.एन.एस.एस.) लागू रहेगी। इस क्षेत्र में पांच से अधिक लोगों का एकत्र होना या वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है।