नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार आज दोपहर 1 बजे जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि निशांत को बिहार के डिप्टी सीएम के तौर पर लॉन्च किया जा सकता है। राजनीति में कदम रखते ही वे बिहार की यात्रा पर निकलेंगे ताकि जनता और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पैठ बना सकें।
जदयू दफ्तर के बाहर भारी भीड़ जमा है। उत्साहित कार्यकर्ता घोड़ों के साथ निशांत के स्वागत के लिए पहुंचे हैं। भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पार्टी कार्यालय की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दरअसल, पार्टी दफ्तर जाने से पहले निशांत हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके बाद वे आधिकारिक रूप से जदयू का हिस्सा बनेंगे। निशांत कुमार पिछले कुछ दिनों से काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने संजय झा (जदयू राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष) के आवास पर करीब 24 विधायकों के साथ रणनीति पर चर्चा की। शनिवार को हुई अहम बैठक में निशांत के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और मंत्री श्रवण कुमार जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।
नेताओं की प्रतिक्रिया;
जदयू के राज्यसभा उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर ने इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने अपने पिता कर्पूरी ठाकुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह निशांत को बधाई देते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे नीतीश कुमार के सिद्धांतों और नीतियों को आगे बढ़ाएंगे।