सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जेडीयू ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें कुल 57 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें वे 5 सीटें भी शामिल हैं, जिन्हें एलजेपी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान अपने लिए चाहते थे। इससे यह साफ हो गया है कि सीट बंटवारे में नीतीश कुमार की चल गई है।
इस सूची में वर्तमान सरकार के 5 मंत्रियों को दोबारा टिकट मिला है, जबकि तीन बाहुबली नेता भी सूची में शामिल हैं, जिनमें अनंत कुमार सिंह प्रमुख हैं। इसके अलावा चार महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है।
मंत्रियों को फिर से मिला मौका
| श्रवण कुमार (ग्रामीण विकास मंत्री) | नालंदा |
| विजय कुमार चौधरी (जल संसाधन मंत्री) | सरायरंजन |
| महेश्वर हजारी (सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री) | कल्याणपुर |
| मदन सहनी (सामाजिक कल्याण मंत्री) | बहादुरपुर |
| रत्नेश सदा (निषेध मंत्री) | सोनबरसा |
चिराग पासवान को झटका
एनडीए में सीटों का बंटवारा इस प्रकार हुआ है: भाजपा(101) और जेडीयू (101) सीटें, शेष सीटें चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मिली हैं।
पिछली बार अकेले चुनाव लड़ने वाले चिराग पासवान ने इस बार एनडीए में रहते हुए अधिक सीटों की मांग की थी। मोरवा, सोनबरसा, राजगीर, गैघाट और मटिहानी जैसी सीटों पर उनकी नजर थी, लेकिन जेडीयू ने इन सभी पर अपने उम्मीदवार उतार दिए।
राजगीर और सोनबरसा पर 2020 में जेडीयू की जीत हुई थी, गैघाट और मोरवा पर आरजेडी का कब्जा था, मटिहानी से एलजेपी के राजकुमार सिंह जीते थे, जो बाद में जेडीयू में शामिल हो गए ।
महिला उम्मीदवारों को मिली जगह
| कविता साहा | मधेपुरा |
| कोमल सिंह | गैघाट |
| अश्वमेध देवी | समस्तीपुर |
| रवीना कुशवाहा | विभूतिपुर |
कुल 57 उम्मीदवारों की सूची में 30 नए चेहरे और 27 पुराने प्रत्याशी हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।