‘गो बैक’ के नारों के बाद फिर वैशाली पहुंचेंगे नीतीश- आज होगी सियासी परीक्षा!…

Ritu Raj

वैशाली में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सियासी ताकत का इम्तिहान होगा। गरौल के प्रेम राज गांव में दोपहर करीब 3 बजे वे एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे वैशाली की सभी आठ विधानसभा सीटों से मैदान में उतरे एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। यह सभा ऐसे वक्त हो रही है, जब क्षेत्र में टिकट को लेकर असंतोष और स्थानीय नाराजगी की चर्चा लगातार बनी हुई है।

वैशाली विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी सिद्धार्थ पटेल उर्फ चुन्नू पटेल को लेकर सियासी विवाद जारी है। 28 सितंबर को जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैशाली विधानसभा क्षेत्र में 774.5 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया था, तब स्थानीय लोगों ने विधायक सिद्धार्थ पटेल के खिलाफ ‘GO BACK’ के नारे लगाए थे। भीड़ ने अपने गुस्से का इजहार करते हुए क्षेत्र में बदलाव और नया चेहरा चुनने की मांग की थी। हालांकि, पार्टी ने विवाद के बावजूद पटेल को ही टिकट दिया है, जिससे स्थानीय स्तर पर असंतोष और चर्चा बढ़ गई है। अब आज होने वाली जनसभा को सियासी परीक्षा माना जा रहा है, क्योंकि यह देखना अहम होगा कि जनता की नाराजगी वोट पर कितना असर डालती है और क्या मुख्यमंत्री अपनी अपील से प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बदल पाएंगे। इसके अलावा, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा महनार विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं, जहाँ वे 2020 के चुनाव में हार चुके थे। इसी तरह, राजापाकर सीट से उम्मीदवार महेंद्र पासवान भी पिछले चुनावों में हार का सामना कर चुके हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें दोबारा टिकट दिया है। प्रदेश में जेडीयू की सीटें घटने की संभावना के बीच यह कदम पार्टी के भीतर असमंजस और चर्चा का कारण बन रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अन्य प्रमुख सीटों में लालगंज से भाजपा प्रत्याशी संजय कुमार सिंह, हाजीपुर से भाजपा प्रत्याशी अवधेश सिंह, महुआ से लोजपा प्रत्याशी संजय कुमार और पातेपुर से भाजपा प्रत्याशी लखेंद्र कुमार पासवान चुनावी मुकाबले में उतरे हैं। आज की जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपील और जनता की प्रतिक्रिया से इन सभी प्रत्याशियों के लिए चुनावी माहौल का रुख साफ़ होगा।

Share This Article