सिटी पोस्ट लाइव
पटना, बिहार – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह एक्शन में हैं। आज मुख्यमंत्री ने एनडीए घटक दलों की एक अहम बैठक बुलाई है, जो मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हो रही है। इस बैठक में जनता दल यूनाइटेड (जदयू), भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM), हम सेकुलर पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) समेत अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक दलों के नेता शामिल होंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जदयू के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार के कामकाज की समीक्षा और बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करना है। इसके साथ ही, विपक्ष की रणनीति और केंद्र सरकार द्वारा जातिगत गणना की घोषणा के बाद उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा होगी।
राजनीतिक गलियारों में यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तय की जाएगी और संभावित चुनावी फैसलों पर भी निर्णय लिए जाएंगे। इस बैठक के बाद, यह साफ़ हो सकता है कि नीतीश कुमार और उनके गठबंधन दल बिहार में आगामी चुनावों के लिए क्या कदम उठाने वाले हैं।