पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने उनके 5 देशरत्न स्थित आवास पहुंचे, जहां दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। इस दौरान नीतीश कुमार ने डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव से भी मुलाकात की। सम्राट चौधरी से मिलने के बाद नीतीश मुस्कुराते नजर आए और जाते समय उन्होंने सम्राट के कंधे पर हाथ भी रखा।

इधर, बिहार में नई सरकार के गठन के बाद शराबबंदी खत्म करने की मांग लगातार तेज हो रही है। हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा है कि राज्य में शराबबंदी जारी रहेगी। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि इस फैसले की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं, इसलिए इसे बदलने का सवाल ही नहीं उठता। नीतीश कुमार के बेटे निशांत के संभावित मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह नीतीश और निशांत पर निर्भर करता है। अगर निशांत भविष्य में कैबिनेट में आते हैं तो उन्हें खुशी होगी, लेकिन इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। मुख्यमंत्री सम्राट आज सचिवालय में कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
वहीं, नई सरकार बनते ही शराबबंदी खत्म करने की मांग और तेज हो गई है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने मोकामा क्षेत्र में अस्पताल बनाने की मांग रखी है और उन्हें आश्वासन मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि वे अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। शराबबंदी पर उन्होंने माना कि शुरुआत में उन्होंने इसका समर्थन किया था, लेकिन अब लोग चोरी-छिपे शराब पी रहे हैं और गलत तरह के नशे की ओर बढ़ रहे हैं, इसलिए इस नीति को खत्म किया जाना चाहिए। हालांकि, इसी तरह, आरएलएम विधायक माधव आनंद ने भी शराबबंदी की समीक्षा की जरूरत बताई। उनका कहना है कि इस नीति से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, इसलिए इस पर दोबारा विचार होना चाहिए।