गिरिराज सिंह की राहुल गांधी को कहा नालायक : जो सेना का सम्मान न कर सका, वो बिहार क्या बदलेगा?

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को बरौनी रिफाइनरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जहां विकास कार्यों का ब्योरा दिया, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला। गिरिराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले बंद होने की कगार पर खड़ी बरौनी रिफाइनरी आज राज्य सरकार को हर साल 8 से 9 हजार करोड़ रुपये तक का टैक्स दे रही है। यह क्रूड ऑयल हल्दिया से आता है और इससे न केवल औद्योगिक क्षेत्र को लाभ मिला है, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी व्यापक योगदान हुआ है।

उन्होंने बताया कि CSR फंड के तहत बच्चों के लिए समर्पित अस्पताल तैयार किया गया है। इसके अलावा 15,000 लीटर क्षमता वाला ऑक्सीजन जनरेटर रिफाइनरी में स्थापित किया गया है और सभी उप–मंडलों में ऑक्सीजन सुविधा दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि रोटरी क्लब को ब्लड सेपरेटर मशीन दी गई है, जिससे अब ज़िले के अस्पतालों में ब्लड कंपोनेंट्स को सुरक्षित रखा जा सकेगा। साथ ही, महिलाओं के गर्भावस्था जांच के लिए आधुनिक उपकरण, X-Ray मशीन और अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आयुष्मान भारत योजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले बिहार इसमें काफी पीछे था, लेकिन अब एक प्रतिशत से ऊपर पहुंच चुका है। उन्होंने राशन कार्ड धारकों से अपील की कि वे आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं, ताकि 5 लाख तक की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने खासकर 70 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों से राशन कार्ड अपडेट कराने और योजना से जुड़ने का अनुरोध किया।

जब पत्रकारों ने उनसे राहुल गांधी के बिहार दौरे पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने कहा, “ऐसे व्यक्ति का दौरा क्या मायने रखता है जो सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं? उनकी भाषा पाकिस्तान जैसी होती है। सेना के बलिदान को अपमानित करना देशद्रोह है। देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी और आने वाले चुनाव में जवाब देगी।”

राहुल गांधी के “बिहार बदलने” के बयान पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा “जब उनके दादी-दादा और खुद की सरकार (UPA) 10 साल तक कुछ नहीं कर पाई, तब ये क्या बदलेंगे? उस समय वे खुद डिफैक्टो प्रधानमंत्री थे, फिर भी देश को क्या दिया?” अंत में गिरिराज सिंह ने दो टूक कहा, “यह भाषण देने वाली सरकार नहीं है, यह काम करने वाली सरकार है। अब जनता भाषण नहीं, परिणाम देखती है।”

Share This Article