सिटी पोस्ट लाइव
पटना : लखीसराय जिले के रजौनाचौकी कनुनिया टोला और मुसहरी टोला के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को बुनियादी सुविधाओं की घोर कमी के खिलाफ समाहरणालय का रुख किया। “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारों के साथ ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो आगामी विधानसभा चुनाव में वोट का बहिष्कार किया जाएगा।
इस आंदोलन में गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा, “अबकी बार, सड़क हो तैयार, नहीं तो वोट से करें इनकार।”
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि देश को आज़ादी मिले 78 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज तक उनके टोले तक पक्की सड़क नहीं बन पाई है। न तो सड़क है, न ही जल निकासी की व्यवस्था, जिसके कारण हर साल बरसात में रास्ते कीचड़ से लथपथ हो जाते हैं। इससे बीमार और गर्भवती महिलाओं को खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिससे समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण जान का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उनका कहना है कि अब सब्र की सीमा पार हो चुकी है, और अगर इस बार भी सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो पूरा गांव मतदान का बहिष्कार करेगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अपील की है कि वे मामले को गंभीरता से लें और तुरंत जांच कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराएं, ताकि वर्षों से विकास से वंचित यह इलाका भी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ सके।