कांग्रेस की 76 सीटों पर लड़ने की तैयारी, प्रियंका को पूर्णिया ले जाना चाहते हैं पप्पू यादव.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव समिति की बैठक में 76 सीटों पर चर्चा हुई जहां से चुनाव लड़ना तय है और कई सीटों पर उम्मीदवार भी तय हो गए हैं. प्रियंका गांधी 26 सितंबर को बिहार में चुनावी सभा करेंगी. उनकी यात्रा की सफलता के लिए एक समिति गठित की जाएगी. बैठक में सीट चयन और रणनीति पर विचार किया गया.अंतिम निर्णय आलाकमान लेगा.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम परिसर में नवगठित बिहार प्रदेश चुनाव समिति की विस्तृत बैठक हुई. मुख्य रूप से तीन बिन्दुओं पर चर्चा हुई. सीट और उम्मीदवार चयन, प्रियंका गांधी की बिहार यात्रा और सीडब्ल्यूसी की बैठक. बैठक की शुरुआत में प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में शामिल सदस्यों ने बारी-बारी से अपनी बात रखी.गुरुवार को चुनाव समिति की पहली बैठक में 76 विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा हुई जहां से चुनाव लड़ना करीब-करीब तय है. यहीं नहीं, करीब तीन दर्जन सीटें ऐसी हैं जहां से उम्मीदवार भी करीब-करीब तय हो गए हैं.बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बैठक में कहा कि कई सीटें ऐसी हैं जहां से दो से तीन उम्मीदवार हैं. लिहाजा सीटों को लेकर कोई विवाद न हो इसके लिए अंतिम निर्णय पार्टी हाई कमान के स्तर से लिया जाएगा.

76 विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा हुई जहां से उम्मीदवार उतारे जाना करीब-करीब तय है. राजेश राम ने प्रस्ताव दिया कि चुनाव समिति के सदस्य हाथ उठाकर करें. जिसके बाद सदस्यों ने इस पर मुहर लगा दी.पार्टी सूत्रों ने बताया कि चुनाव क्षेत्र में रणनीति बनाने और उम्मीदवारों की मदद के लिए कलस्टर बनाने पर भी चर्चा की गई. क्लस्टर आधारित चुनावी ढांचा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेगा. इस बारे में आगे की बैठक में भी विस्तारित चर्चा करने पर सहमति बनी.

बैठक में चुनाव समिति सदस्यों को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की प्रस्तावित बिहार यात्रा की जानकारी दी गई. प्रियंका गांधी का 26 सितंबर को बिहार आने का कार्यक्रम है. वे उत्तर बिहार और सीमांचल में चुनावी सभा करेंगी.पप्पू यादव प्रियंका की सभा पूर्णिया में कराना चाहते हैं.लेकिन पार्टी अध्यक्ष का कहना है कि स्थान का चयन फिलहाल नहीं हो पाया है.बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रियंका के कार्यक्रम की सफलता और मॉनिटरिंग के लिए एक समिति गठित की जाएगी. यह प्रियंका गांधी की पहली चुनावी सभा होगी. इसके पूर्व प्रियंका गांधी राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए बिहार आई थी.

पप्पू यादव प्रियंका गांधी के करीब हैं.प्रियंका की वजह से ही उन्हें कांग्रेस पार्टी में जगह मिली है.वो प्रियंका की पहली सभा अपने क्षेत्र में कर अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं.प्रियंका के पूर्णिया जाने से पप्पू यादव की कांग्रेस में अहमियत और भी बढ़ जायेगी.पप्पू यादव कोशी सिमांचल में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहते हैं.अगर ऐसा हुआ तो पप्पू यादव की भूमिका बढ़ेगी और चुनाव परिणाम अनुकूल रहा तो उनका प्रभाव भी बढेगा.कोशी सिमांचल के उम्मीदवारों के चयन में भी उनको अहमियत दी जायेगी.

पटना में CWC की बैठक का होना इस बात का संकेत है कि राहुल गांधी कांग्रेस को अपने पैरों पर खड़ा करना चाहते हैं.इस बैठक से साफ़ है कि कांग्रेस इसबार सीट शेयरिंग में कोई समझौता करने के मूड में नहीं है.कांग्रेस पार्टी ने 76 सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है.राहुल गांधी ने पहले यात्रा कर आरजेडी पर दबाव बनाया और अब CWC की बैठक पटना में कराने का फैसला लेकर ये साफ़ कर दिया है कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर अपना खोया हुआ जनाधार वापस पाना चाहती है.

Share This Article