सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी /पटना : अपने दो दिवसीय बिहार यात्रा के दौरान, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओबैसी ने पूर्वी चंपारण जिले के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र ढाका में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा, जदयू, राजद और पाकिस्तान पर जमकर प्रहार किया। ओबैसी ने विशेष रूप से भाजपा के नए नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राजद प्रमुख लालू यादव पर तीखे हमले किए।
ओबैसी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) मुस्लिम समुदाय के लिए खतरनाक है और यह हमारे मज़ारों, मस्जिदों, और इमामबाड़ों पर हमले का कारण बन सकता है। उन्होंने इसे RSS की एक साजिश बताया और कहा कि इस कानून के खिलाफ हमें खड़ा होना होगा क्योंकि यह संविधान के खिलाफ है।

ओबैसी ने नीतीश कुमार और लालू यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों ने बिहार में मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, “आपने मेरे चार विधायकों को तोड़ा, इस बार मैं चौबीस बनाएंगे।” साथ ही ओबैसी ने दावा किया कि बिहार में उनकी पार्टी की मजबूत उपस्थिति रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में वह बिहार के मुसलमानों को यह संदेश देंगे कि उनके लिए लड़ाई जारी रहेगी। ओबैसी ने यह भी कहा कि देश में होने वाले चुनावों में मोदी और नीतीश को जवाब देना होगा क्योंकि अब उनके समाज की स्थिति में सुधार की जरूरत है।

ओबैसी ने पाकिस्तान और आतंकवाद पर भी बात की। उन्होंने पाकिस्तान को नाकाम देश बताते हुए कहा कि भारत सरकार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश भेजना चाहिए। ओबैसी ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की कि वे आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाएं और पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाएं कि वह सदियों तक याद रखे।
इस दौरान ओबैसी ने कहा कि उनका उद्देश्य भारत में आतंकवाद को खत्म करना और देश को एक मजबूत दिशा में ले जाना है।