टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में रोमांच अपने चरम पर है। पाकिस्तान की टीम भले ही इस वक्त मुश्किल में दिख रही है, लेकिन सलमान अली आगा की कप्तानी वाली इस टीम के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे अभी बंद नहीं हुए हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि पाकिस्तान बाहर हो चुका है, तो एक बार इन गणितीय समीकरणों पर नजर डालिए।
अब तक का सफर;
पाकिस्तान की किस्मत ने सुपर-8 के पहले ही मैच में झटका दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस तो हुआ, लेकिन बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी और दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। दूसरे मैच में शाहीन अफरीदी की घातक गेंदबाजी ने उम्मीद जगाई थी, लेकिन हैरी ब्रूक के विस्फोटक शतक ने पाकिस्तान के हाथ से जीत छीन ली। फिलहाल पाकिस्तान 2 मैचों में 1 अंक और -0.461 के नेट रन रेट (NRR) के साथ अंक तालिका में नीचे है। इंग्लैंड 4 अंकों के साथ पहले ही क्वालीफाई कर चुका है, अब जंग दूसरी टीम के लिए है।
कैसे सेमीफाइनल में पहुंचेगा पाकिस्तान?
समीकरण 1: न्यूजीलैंड की दोनों मैचों में हार
अगर न्यूजीलैंड अपने अगले दोनों मैच (श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ) हार जाता है, तो राह आसान हो जाएगी। पाकिस्तान को बस श्रीलंका को हराना होगा।इससे पाकिस्तान के 3 अंक हो जाएंगे, जबकि न्यूजीलैंड 1 और श्रीलंका 2 अंकों पर रह जाएगी। हालांकि, इस स्थिति में पाकिस्तान सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगा।
समीकरण 2: नेट रन रेट (NRR) का पेंच
अगर न्यूजीलैंड अपने दो में से एक मैच हार जाए और एक जीत ले तो ऐसी स्थिति में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों के 3-3 अंक हो जाएंगे। दरअसल, यहाँ फैसला नेट रन रेट से होगा। पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी ताकि वह न्यूजीलैंड से बेहतर NRR हासिल कर सके।
कब टूटेगा पाकिस्तान का सपना?
पाकिस्तान के लिए सबसे बुरा सपना यह होगा कि न्यूजीलैंड अपने दोनों मैच जीत जाए। अगर कीवी टीम इंग्लैंड और श्रीलंका दोनों को हरा देती है, तो उनके 5 अंक हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान अपना आखिरी मैच जीतकर भी केवल 3 अंकों तक ही पहुँच पाएगा और टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। पाकिस्तान के लिए अब हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा है, साथ ही उन्हें दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड की टीम कम से कम एक (या बेहतर हो कि दोनों) मैच हार जाए।