अब पप्पू यादव को पाकिस्तान से आई धमकी, कहा- बचे हैं 24 घंटे

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सएप पर भेजे गए एक मैसेज के जरिए आई है, जिसमें यह दावा किया गया है कि उनके खिलाफ हत्या की योजना तैयार है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पप्पू यादव को लिखा कि आखिरी 24 घंटे तुम्हारे पास हैं, हमारे साथी तुम्हारे पास पहुंच चुके हैं, और इस बार तुम्हारा कोई भी गार्ड नहीं बचा सकेगा। इसके साथ ही एक बम ब्लास्ट का वीडियो भी भेजा गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यह धमकी पप्पू यादव को अब तक मिली 18वीं धमकी है। धमकी में यह भी कहा गया कि “हैप्पी बर्थडे लॉरेंस भाई” और “एंजॉय योर लास्ट डे”। यह मैसेज पाकिस्तान के नंबर +923360 968377 से भेजा गया था। पप्पू यादव ने इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री, डीजीपी, आईजी और एसपी को भी पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी।

हाल ही में पप्पू यादव ने सुरक्षा के लिए दो करोड़ रुपये की कीमत वाली एक लैंड क्रूजर गाड़ी मंगवाई थी। कहा जाता है कि यह गाड़ी और उसमें बैठे लोग रॉकेट लांचर और एके-47 जैसे हथियारों से भी सुरक्षित रहेंगे।

पिछले दिनों दीपावली के दौरान पूर्णिया पुलिस ने दिल्ली से महेश पांडे नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसने स्वीकार किया कि उसने पप्पू यादव को धमकी दी थी, हालांकि उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध होने से इनकार किया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पप्पू यादव को यह धमकी कौन दे रहा है और इसके पीछे क्या वजह है।

 

Share This Article