सिटी पोस्ट लाइव
छपरा। सारण जिले के बहरौली गांव में पुलिस द्वारा ग्रामीणों और महिलाओं पर की गई क्रूर पिटाई का मामला तूल पकड़ चुका है। इस घटना के बाद पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। सांसद को सूचना मिली कि 23 महिलाओं समेत कई निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने इसे पूरी तरह से जंगलराज करार देते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला।

पप्पू यादव ने सवाल उठाते हुए कहा, “यह कैसी कानून व्यवस्था है, जहां पुलिस बिना महिला सिपाही के घर में घुसकर महिलाओं को पीटती है, उनके कपड़े फाड़ती है और फिर उन्हें जेल भेज दिया जाता है?”

उन्होंने इस मामले में डीएसपी और थाना प्रभारी की मोबाइल लोकेशन की जांच की मांग की और कहा, “आम लोगों को पुलिसिया जुल्म आखिर कब तक सहना पड़ेगा?” पप्पू यादव ने भरोसा दिलाया कि वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस पर न्याय की मांग करेंगे।

साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर जनप्रतिनिधि अपनी जनता के दुःख-दर्द में खड़े नहीं हो सकते, तो उनके होने का कोई मतलब नहीं!”