सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होने जा रही है। इस बीच चुनाव आयोग ने मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, अनियमितता या नियम उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराने के लिए कंट्रोल रूम नंबर, फैक्स और ईमेल आईडी जारी किए हैं। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी केंद्र पर गड़बड़ी दिखाई दे या कोई अवैध गतिविधि नजर आए, तो वे तुरंत इन माध्यमों से सूचना दें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय में विशेष स्टेट कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है, जो पहले चरण के मतदान के दौरान लगातार सक्रिय रहेगा। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। यह कंट्रोल रूम मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक संचालित रहेगा ताकि हर शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
चुनाव आयोग द्वारा जारी संपर्क विवरण इस प्रकार हैं —
फोन नंबर: 06122824001
फैक्स नंबर: 06122215611
ईमेल आईडी: [email protected], [email protected]
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बुधवार को कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और मतदान के दौरान निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जिलों में तैनात अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अमित पांडेय, प्रशांत सी.एच. और ओएसडी श्रीप्रकाश भी उपस्थित रहे।
मतदान के दिन सभी 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। प्रशासन ने मतदान क्षेत्रों में सरकारी अवकाश घोषित कर दिया है ताकि सभी मतदाता बिना किसी बाधा के मतदान कर सकें। इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती पूरी कर ली गई है।
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में पूरी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग और लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि मतदान पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़चढ़कर हिस्सा लें और किसी भी अनियमितता की तुरंत सूचना दें। बता दें कि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।