सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। फ्लाइट के पायलट ने तुरंत पटना ईटीसी को इस घटना की जानकारी दी और तुरंत ही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा तंत्र को अलर्ट कर दिया गया। इमरजेंसी लैंडिंग की घोषणा के बाद विमान को पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतारा गया।
यात्री सुरक्षित हैं, और उन्हें दूसरे विमान से लखनऊ भेजा गया। एक यात्री ने बताया कि फ्लाइट के उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद पायलट ने घोषणा की कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई है और अब पटना लौटना पड़ेगा। इसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, और विमान को सुरक्षित रूप से पटना एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
यह घटना यात्रियों के लिए एक घबराहट भरी स्थिति बन गई, लेकिन शुक्र है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। पटना एयरपोर्ट पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिकारियों ने पूरी स्थिति पर नियंत्रण रखा। यात्रियों ने कहा कि,”हम लोग बहुत घबराए हुए थे, लेकिन पायलट और एयरपोर्ट प्रबंधन की तत्परता से हम सभी सुरक्षित हैं।”