सिमरी में पिकअप और टोटो की भीषण भिड़ंत, महिला की मौत, कई घायल

परिवार मोबाइल छिनैती की शिकायत कर लौट रहा था, सुंदरपुर मोड़ के पास हुआ हादसा

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

सिमरी। सिमरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना आशा पड़री-नियाज़ीपुर मार्ग पर सुंदरपुर मोड़ के पास हुई, जहां एक तेज़ रफ्तार पिकअप वैन ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

परिवार थाना से लौट रहा था, रास्ते में हुआ हादसा

घटना में जान गंवाने वाली महिला की पहचान काजीपुर निवासी किशुन बिंद की 55 वर्षीय पत्नी दशुनी देवी के रूप में हुई है। घायलों में चंद्रावती देवी, वीर बहादुर चौधरी, विकास कुमार, रोहित चौधरी, विशाल कुमार, टुनटुन चौधरी और सत्येंद्र चौधरी शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम सत्येंद्र चौधरी का मोबाइल अपराधियों ने नया भोजपुर-डुमरी पथ स्थित नीलामी मोड़ पर छीन लिया था। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ टोटो से सिमरी थाना शिकायत दर्ज कराने गए थे। थाना से लौटते समय आशा पड़री के पास उनकी टोटो जैसे ही सुंदरपुर मोड़ से 50 मीटर पहले पहुंची, नियाज़ीपुर की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार पिकअप ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

हादसे की सूचना मिलते ही सिमरी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सिमरी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दशुनी देवी को मृत घोषित कर दिया। सिमरी थाना अध्यक्ष कमलनयन पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article