सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री मोदी ने आज दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में डिजाइन इन इंडिया और मेड इन इंडिया, यही भविष्य की पहचान होगी।’
पीएम मोदी ने आज दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आज पूरी दुनिया भारत पर भरोसा करती है। वहीं, दुनिया भारत के साथ अब सेमीकंडक्टर का भविष्य बनाने के लिए तैयार है।’ दरअसल, प्रधानमंत्री ने इकोनॉमी पर बात करते हुए कहा कि ‘एक तरफ जब दुनिया भर की इकोनॉमी में चिंताएं हैं। आर्थिक स्वार्थ से पैदा हुई चुनौतियां हैं। उस माहौल के बावजूद भारत ने इस साल के पहली तिमाही में 7.8% की ग्रोथ रेट हासिल करके दिखाया है। यह वृद्धि मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस, कृषि और निर्माण सहित हर सेक्टर दिखाई दे रही है।’ आगे कहा कि ‘इंडिया अब आने वाले समय में एक फुल-स्टेक सेमीकंडक्टर राष्ट्र बनने की रास्ते पर है। हम सभी निवेशकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। वो दिन दूर नहीं, जब दुनिया कहेगी, डिजाइन्ड इन इंडिया, मेड इन इंडिया एंड ट्रस्टेड बाय वर्ल्ड। डिजाइन इन इंडिया और मेड इन इंडिया, यही भविष्य की पहचान होगी।’
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में भाषण की शुरूआत पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में किया। भाषण शुरू होते ही कहा कि ‘मैं कल रात की जापान और चीन की यात्रा करके लौटा हूं।’ उनके इतना कहते ही दर्शकों ने तालियां बजाना शुरू कर दी। वहीं, इस पर पीएम ने सीरियस होकर कहा कि, ‘गए थे इसलिए तालियां बजा रहे हो या वापस आने पर ताली बजा रहे हो।’ उनकी इस बातों पर लोग जोर से हंसने लगे। साथ ही पीएम मोदी भी मुस्कुराते नजर आए।