सिटी पोस्ट लाइव
पटना: 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार का दौरा करेंगे और इस दौरान राज्य को कई बड़ी योजनाओं का तोहफा मिलेगा। प्रधानमंत्री भागलपुर में किसान सम्मान समारोह की शुरुआत करेंगे और साथ ही केंद्र सरकार की करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री दरभंगा, नालंदा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण समेत 10 जिलों में मिट्टी जांच केंद्र और प्रयोगशालाओं की स्थापना की घोषणा करेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि सभी पंचायतों में किसान चौपाल स्थापित की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ मिलकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कृषि मंत्री मंगल पांडेय की पूरी टीम ने कृषि क्षेत्र की पूरी समीक्षा की। बिहार सरकार को बधाई देते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि यह चौथा रोडमैप है, जिससे बिहार कृषि क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। और वे तीसरी बार कृषि की समीक्षा कर रहे है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि आने वाले बजट में कृषि क्षेत्र के लिए और ज्यादा बजट देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बिहार सरकार से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की भी मांग की है। मखाने की खेती पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मशीन की व्यवस्था हो जाए तो किसानों को हाथों से कम काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, किसानों के लिए सम्मान निधि योजना के तहत 24 फरवरी को भागलपुर में प्रधानमंत्री मोदी दौरा करेंगे और छोटे किसानों के खातों में राशि डाला जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने दलहन की खेती पर भी ध्यान दिलाया और कहा कि उरद, मसूर, अरहर जैसे दलहन किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने के लिए केंद्र सरकार काम करेगी। किसान जितना चाहे उतना दलहन की खेती कर सकते है। वहीं बिहार सरकार ने केंद्र से केंद्रीय बजट में विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है, जिसमें बिहार को इस बार के बजट में विशेष आर्थिक पैकेज देने की अपील की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री को अवगत कराया है कि राज्य को विकास की गति को तेज करने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की जरूरत है। फरवरी में पेश होने वाले केंद्रीय बजट से पहले बिहार ने केंद्र से यह बड़ी मांग की है।