बिहार में ‘फायरिंग वीडियो’ पर मचा सियासी कोहराम: RJD के आरोपों पर दानिश रिजवान का करारा जवाब, बताया AI की साजिश!..

Ritu Raj

बिहार की राजनीति में एक नए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रवक्ता दानिश रिजवान पर खुलेआम फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और NDA सरकार पर निशाना साधा है।

हालांकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए दानिश रिजवान ने कहा कि वायरल वीडियो पूरी तरह से फर्जी है और इसे AI तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है। रिजवान ने यह भी जानकारी दी कि इस मामले में पहले ही आरा नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। उनके भाई मोहम्मद जमाल अशरफ ने 17 मार्च 2026 को एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने AI के जरिए फर्जी वीडियो बनाकर वायरल किया और इसके जरिए रंगदारी की मांग की। शिकायत के अनुसार, मोहम्मद फैज आजम उर्फ सिकंदर नामक व्यक्ति ने फोन कर ईद के खर्च के बहाने 20 लाख रुपये की मांग की। यह भी कहा गया कि पहले जमीन से जुड़े एक विवाद में 10 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। रकम नहीं देने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने की बात भी सामने आई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि आरोपी फैज आजम और शाहिद अली ने बाइक से पीछा कर हमला करने की कोशिश की। इस मामले में भोजपुर पुलिस ने शाहिद अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कुल मिलाकर, एक ओर जहां RJD इसे कानून-व्यवस्था का मुद्दा बता रही है, वहीं दानिश रिजवान इसे साजिश और फर्जी वीडियो का मामला बता रहे हैं। अब यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ जांच का विषय बन गया है।

Share This Article