कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी की जांच में वोटर लिस्ट से जुड़ी भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं और करीब 25 लाख वोट चोरी किए गए। स्क्रीन पर प्रेजेंटेशन दिखाते हुए दावा किया कि चुनाव आयोग की लापरवाही और साजिश के तहत वोटर लिस्ट में फर्जी नाम जोड़े गए और असली मतदाताओं के नाम काटे गए।
राहुल ने सबसे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी का एक वीडियो दिखाया और कहा कि यह वीडियो इलेक्शन के दो दिन बाद का है। इसमें सीएम खुद ‘व्यवस्था’ का जिक्र कर रहे हैं। अब सवाल है कि ये ‘व्यवस्था’ आखिर है क्या? और उसी के बाद हरियाणा का नतीजा पूरी तरह बदल गया।” इसके बाद उन्होंने स्क्रीन पर एक ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह हरियाणा की वोटर लिस्ट में पाई गई है। इस महिला ने कभी ‘स्वीटी’, कभी ‘सीमा’, तो कभी ‘सरस्वती’ नाम से वोट डाला। एक ही फोटो कई अलग-अलग नामों के साथ अलग-अलग बूथों में इस्तेमाल की गई। ये तो सिर्फ एक उदाहरण है,ऐसे हजारों फर्जी वोटर हरियाणा की लिस्ट में हैं।” आगे कहा कि यह कोई तकनीकी गलती नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है, जो लोकतंत्र की नींव पर हमला करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो हरियाणा में हुआ, वही बिहार में भी होने की पूरी संभावना है। वोटर लिस्ट हमेशा चुनाव से ठीक पहले दी जाती है, ताकि लोगों को अपने नाम कटने का पता ही न चल सके। यही लोकतंत्र को खत्म करने की योजना है। इसके अलावा उन्होंने मंच पर बिहार के पांच लोगों को बुलाया, जिन्होंने सार्वजनिक तौर पर बताया कि उनका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। इनमें ग्रामीण इलाकों के मतदाता शामिल थे, जिन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में उन्होंने वोट दिया था, लेकिन इस बार सूची में उनका नाम ही नहीं मिला। साथ ही कहा कि यह सब दिखाता है कि वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ की जा रही है और आम लोगों का मताधिकार छीना जा रहा है। चुनाव आयोग से जवाब मांगा कि जब उसके पास डुप्लीकेट वोटर हटाने वाला सॉफ्टवेयर मौजूद है, तो उसका इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा। अगर आयोग के पास ईमानदारी है, तो वह जांच करे और सच्चाई देश के सामने लाए। वरना लोग यही मानेंगे कि यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है।
अंत में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाएगी। उन्होंने युवाओं और मतदाताओं से अपील की कि यह किसी पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। अगर आज आप चुप रहे, तो कल आपका वोट और आपकी आवाज दोनों छिन जाएंगे।