IPL 18 से पहले रिकी पोंटिंग और श्रेयस अय्यर ने टीम की मानसिकता पर दिया बड़ा बयान

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

चंडीगढ़। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें संस्करण की तैयारियां जोरों पर हैं और पंजाब किंग्स ने मंगलवार, 18 मार्च को सीजन लॉन्च प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान मुख्य कोच रिकी पोंटिंग, टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर और सीईओ सतीश मेनन मौजूद रहे। उन्होंने आगामी सीजन के लिए टीम की रणनीतियों और लक्ष्यों पर चर्चा की।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुख्य कोच पोंटिंग ने श्रेयस अय्यर की जमकर सराहना की और कहा कि वे उन्हें टीम की कमान सौंपकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “श्रेयस एक शानदार इंसान और अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने पहले भी आईपीएल ट्रॉफी जीती है और हम उनसे बेहतर कप्तान की उम्मीद नहीं कर सकते थे। वह हाल ही में टीम कैंप से जुड़े हैं और अपनी लीडरशिप से खिलाड़ियों पर प्रभाव डालना शुरू कर चुके हैं। आने वाले दिनों में यह और निखरेगा, और फिर हम अपने पहले मैच के लिए तैयार होंगे।”

टीम के संतुलन को लेकर दो बार के विश्व कप विजेता कप्तान पोंटिंग ने कहा, “हमने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संयोजन तैयार किया है। हमारी टीम में मजबूत भारतीय खिलाड़ी हैं, और कुछ बेहतरीन विदेशी खिलाड़ी भी जुड़े हैं। कल रात हमारा पहला ट्रेनिंग सेशन था और खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैं टीम के संतुलन और ऊर्जा से बेहद खुश हूं।”

कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी पोंटिंग के साथ फिर से काम करने पर अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि उनकी उपस्थिति से टीम और भी मजबूत होगी। अय्यर ने कहा, “पोंटिंग हमेशा अपने खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं। जब मैंने पहले उनके साथ काम किया था, तो उन्होंने मुझमें आत्मविश्वास बढ़ाया और यह महसूस कराया कि मैं इस फॉर्मेट में और बेहतर कर सकता हूं। उनके मार्गदर्शन में हर खिलाड़ी को आत्मविश्वास मिलता है, जो बेहद महत्वपूर्ण होता है।”

इस सीजन के लक्ष्य पर अय्यर ने कहा, “हमारा मकसद ट्रॉफी जीतना है। यही हमारी सोच है और इसे पाने के लिए हमें कदम-दर-कदम आगे बढ़ना होगा। यह कोई एक दिन में होने वाली चीज़ नहीं है, लेकिन जिस तरह से हम अभ्यास कर रहे हैं और एक-दूसरे के साथ सामंजस्य बना रहे हैं, उससे हमें विश्वास है कि हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।”

टीम की रणनीति और आगामी सीजन की तैयारियों को लेकर पंजाब किंग्स के सीईओ सतीश मेनन ने कहा, “हमारी टीम निडर है। हमारे पास युवा और जोशीले खिलाड़ी हैं, और साथ ही पोंटिंग जैसा अनुभवी कोच और अय्यर जैसा सफल कप्तान है। हमने पंजाब के अपने ब्रांड को भी विकसित करने पर ध्यान दिया है, इसलिए टीम में कई स्थानीय खिलाड़ी शामिल किए गए हैं।”

पंजाब किंग्स 25 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत गुजरात टाइटन्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान न्यू चंडीगढ़ के न्यू पीसीए स्टेडियम में दो मुकाबले खेलेगी।

Share This Article