सिटी पोस्ट लाइव
पटना: जनसुराज के मुखिया प्रशांत किशोर ने पीएम नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा हमला बोला है। प्रशांत किशोर से बिहारशरीफ़ में एक पत्रकार ने पूछा था कि आप पर आरोप है कि आपको बीजेपी से पैसा मिलता है। इसके बाद प्रशांत किशोर गुस्से से भर गए और बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, गृहमंत्री अमित शाह से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पर अबतक का सबसे बड़ा हमला बोल दिया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं वहीं प्रशांत किशोर हूं जिसने सीएम नीतीश कुमार से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को चुनावी सलाह देने का काम किया है, लेकिन मैं यह साफ़ कहता हूं कि पहलगाम नरसंहार के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कानपुर का कार्यक्रम रद्द कर दिया लेकिन बिहार के मधुबनी का कार्यक्रम रद्द नहीं किया। उन्हें दिल्ली में बोलना चाहिए था, वहां इंटरनैशनल मीडिया उनकी बातों को सुनता। लोग पहलगाम नरसंहार के बाद भी उन्होंने बिहार के मधुबनी का कार्यक्रम रद्द नहीं किया।
मधुबनी आकर यहां से पाकिस्तान को संदेश देने की कोशिश की, इसीलिए न कि बिहार में चुनाव है। प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं और जनसुराज केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं, सरकार पाकिस्तान को माकूल जवाब दें, लेकिन पीएम ने पहलगाम नरसंहार के बाद बिहार आकर ठीक नहीं किया। उन्हें दिल्ली में इंटरनैशनल मीडिया के सामने इस पर बोलना चाहिए था कि सरकार क्या करने जा रही है। इसे प्रशांत किशोर का बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर अबतक का सबसे बड़ा और तीखा हमला माना जा रहा है।