- राबड़ी देवी का नीतीश कुमार पर हमला – ‘भांग पीकर आते हैं, महिलाओं का अपमान करते हैं’
सिटी पोस्ट लाइव
पटना। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कुछ लोगों के प्रभाव में हैं, जो उन्हें गुमराह कर रहे हैं। राबड़ी देवी ने सदन में कहा कि 5-6 लोग मिलकर मुख्यमंत्री को कमजोर करने में लगे हैं और वे ही उन्हें बहकाने का काम कर रहे हैं।
सदन में हुई तीखी बहस के दौरान राबड़ी देवी ने जदयू नेताओं ललन सिंह, संजय झा, विजय चौधरी और अशोक चौधरी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये सभी नेता मुख्यमंत्री को भड़काने में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं के प्रभाव के कारण ही नीतीश कुमार महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। राबड़ी देवी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सदन में महिलाओं का सम्मान नहीं करते और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में विकास को लेकर किए जा रहे दावों की हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या 2005 से पहले बिहार में कुछ नहीं था? उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में महिलाओं, पिछड़ों और अति पिछड़ों के लिए कई योजनाएं लागू की गईं, जिसका लाभ आज भी जनता को मिल रहा है।
मीडिया से बातचीत में राबड़ी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब बीजेपी के समर्थन में काम कर रहे हैं और उन्हीं के इशारों पर फैसले ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में गुंडागर्दी बढ़ गई है और विपक्षी नेताओं को बार-बार अपमानित किया जा रहा है।
नीतीश कुमार को अब प्रवचन देना चाहिए : तेजस्वी
इस पूरे विवाद पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब अपने पद पर बने रहने के योग्य नहीं हैं और उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अब राजनीति छोड़कर कुटिया में जाकर प्रवचन देना चाहिए।
उन्होंने नीतीश कुमार पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया और कहा कि वे लगातार असंयमित बयानबाजी कर रहे हैं। बिहार की राजनीति में राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के इन बयानों से हलचल मच गई है। इस विवाद के बीच सत्तारूढ़ दल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।