सिटी पोस्ट लाइव
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार (17 अगस्त) को बिहार में अपनी ‘वोट अधिकार यात्रा’ शुरू की, जिसके बाद बिहार के साथ-साथ झारखंड में भी सियासी पारा चढ़ गया है। यह यात्रा बिहार में हाल ही में हुई SIR प्रक्रिया और ‘वोट चोरी’ के आरोपों के विरोध में निकाली जा रही है। इस यात्रा में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव और INDIA ब्लॉक के कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हो रहे हैं।
कांग्रेस और JMM ने लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप
राहुल गांधी की इस यात्रा में झारखंड कांग्रेस के कई नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है। झारखंड कांग्रेस के नेता राकेश सिन्हा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने यह साबित कर दिया है कि चुनाव आयोग ने ‘वोट चोरी’ करके प्रधानमंत्री को तीसरी बार सत्ता दिलाई है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को उनके वोट के अधिकार के प्रति जागरूक करना है। सिन्हा ने उम्मीद जताई कि राहुल की इस मुहिम से प्रेरित होकर आम लोग भी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता मनोज ठाकुर ने भी बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि अनर्गल और असभ्य भाषा का इस्तेमाल करना भारतीय जनता पार्टी का चरित्र बन गया है।
बीजेपी ने राहुल गांधी को बताया ‘पनौती’
राहुल गांधी की यात्रा पर झारखंड बीजेपी के नेता प्रतुल शहदेव ने पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ‘सीट बचाव रैली’ करनी चाहिए थी, क्योंकि वह लालू यादव की कृपा पर हैं। प्रतुल शहदेव ने राहुल गांधी को ‘राजनीति का पनौती’ भी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की धरती पर राहुल के कदम पड़ने से अब कांग्रेस को जो दो-चार सीटें मिलनी थीं, वह भी खत्म हो जाएंगी। शहदेव ने इस यात्रा को सिर्फ राजनीतिक ढकोसला करार दिया।