सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में राहुल गांधी के दौरे को लेकर राज्य के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार बबलू ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चाहे पदयात्रा करें या दंडवत प्रणाम, इससे कुछ बदलने वाला नहीं है। मंत्री बबलू ने कहा, “राहुल गांधी पहले भी भारत जोड़ो यात्रा जैसी यात्राएं कर चुके हैं, लेकिन नतीजा कुछ खास नहीं रहा। बिहार में कांग्रेस की कोई राजनीतिक पकड़ नहीं है। उनकी दाल यहाँ गलने वाली नहीं है।” राहुल गांधी ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ अभियान के तहत बेगूसराय का दौरा करने पहुंचे हैं। इस पर टिप्पणी करते हुए मंत्री बबलू ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का न बिहार में और न ही देश में कोई विशेष अस्तित्व बचा है।

ये पार्टी अब आरजेडी की पीठ पर लटककर चल रही है।” उन्होंने आगे कहा, “राहुल गांधी हो या प्रियंका गांधी, इनके आने-जाने से कुछ भी फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस अब विलोपन की कगार पर है। जल्द ही डायनासोर की तरह उसका नाम भी इतिहास बन जाएगा। लोग याद करेंगे कि कभी कांग्रेस नाम की कोई पार्टी थी।” 2025 के विधानसभा चुनावों पर बोलते हुए मंत्री बबलू ने कहा, “अगर कोई सोच रहा है कि बिहार की सत्ता में कोई बड़ा बदलाव होगा, तो वो भ्रम में है। 2025 में भी एनडीए ही पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। आरजेडी तो दो अंकों की सीटें भी नहीं ला पाएगी।”