रिनोवेशन पर लगी रोक, बुडको को कांग्रेस का कानूनी नोटिस…

Ritu Raj

पटना के ऐतिहासिक कांग्रेस मैदान के सौंदर्यीकरण का काम अब अधर में लटक गया है। करीब एक महीने पहले इस मैदान के रिनोवेशन की शुरुआत की गई थी, जिस पर बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बुडको) द्वारा लगभग 64.72 लाख रुपये खर्च किए जाने थे। लेकिन अब इस पूरे प्रोजेक्ट पर ब्रेक लग गया है।

दरअसल, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुडको को कानूनी नोटिस भेजते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई है। नोटिस मिलने के बाद मैदान में चल रहा काम रोक दिया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि बुडको ने बिना किसी अनुमति के कांग्रेस मैदान की जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया। वहीं, कांग्रेस की ओर से अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय ने दावा किया है कि यह जमीन कांग्रेस पार्टी की निजी संपत्ति है, जिसे वर्ष 1936 में अनुग्रह नारायण सिंह ने दान में दिया था। आज भी यह भूमि बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नाम से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। उनका कहना है कि पहले भी यहां एक संप हाउस का निर्माण किया गया था, जिसे हटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वह अब तक नहीं हटाया गया। इसके बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। कांग्रेस ने साफ तौर पर कहा है कि निजी जमीन पर बिना स्वीकृति किसी तरह का निर्माण पूरी तरह गैरकानूनी है। पार्टी ने मांग की है कि तत्काल सभी निर्माण कार्य रोके जाएं और 15 दिनों के भीतर मैदान में बने अवैध ढांचों को हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी नहीं होने पर कानूनी लड़ाई और तेज की जाएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कदमकुआं इलाके में स्थित इस मैदान के रिनोवेशन के तहत कई सुविधाएं विकसित की जानी थीं। योजना के मुताबिक, मैदान की चारदीवारी की मरम्मत, ग्रिल वर्क, जल निकासी के लिए नाले का निर्माण, हाईमास्ट लाइट्स की स्थापना, ओपन जिम, मॉर्निंग वॉक के लिए पाथवे, बच्चों के झूले, तालाब का नवीनीकरण, फव्वारा और रंगीन लाइट्स लगाए जाने थे। फिलहाल कानूनी विवाद के चलते ये सभी योजनाएं ठप पड़ गई हैं।

Share This Article