सिटी पोस्ट लाइव : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह पथ निर्माण मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पथ निर्माण मंत्री के कार्यकाल में 26 करोड़ से ज्यादा का भुगतान गलत तरीके से किये जाने का आरोप लगाया है. मंत्री के अनुसार वजीरगंज-तपोवन पथ (19.58 किमी), जमुआमा-शेवतर पथ (17.50 किमी) और भिंडस-चमंडीह पथ (21.3 किमी) के निर्माण में उपयोग किए गए स्टोन चिप्स की पाकुड़ से अतिरिक्त ढुलाई दिखा कर 26 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है. जबकि स्थानीय पत्थर का प्रयोग किया गया है. लेकिन दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई.
लोगों ने शिकायत की है कि सड़क निर्माण में घटिया पत्थरों का इस्तेमाल हुआ है. यह भुगतान तेजस्वी यादव के कार्यकाल में किया गया है. उन्होंने कहा कि जिला खनन पदाधिकारी पाकुड़ की रिपोर्ट से स्पष्ट है कि ठेकेदार और विभागीय अभियंताओं की मिलीभगत से सरकार को 26 करोड़ से अधिक की वित्तीय क्षति हुई है. इस मामले से एक बार फिर तेजस्वी यादव के कार्यकलापों पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है.उन्होंने कहा कि राज्य के वित्तीय संसाधन को 26 करोड़ की हानि पहुंचाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे. संवेदक के संरक्षकों की भी पहचान की जाएगी.
मंत्री के अनुसार राजा कंस्ट्रक्शन, गया द्वारा विभाग में किए गए सभी कार्यों की जांच होगी। दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी और ठेकेदार को काली सूची में डालने पर विचार होगा. उन्होंने कहा कि बांका जिले के सुल्तानगंज में कांवरिया पथ में स्थानीय लोगों की शिकायत पर भी जांच में कई गड़बड़ी मिली है.इस मामले में ठेकेदार को काली सूची में डाला जा रहा है. पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत पूर्व और वर्तमान के सभी इस्टीमेट की जांच होगी