सिटी पोस्ट लाइव
पूर्णिया: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को पिछले कुछ दिनों से मिल रही धमकियों के मामले में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। धमकी देने वाला कोई और नहीं, बल्कि पप्पू यादव की पुरानी पार्टी जन अधिकार पार्टी (JAP) का सदस्य निकला। पुलिस की पूछताछ में आरोपी राम बाबू राय ने यह बताया कि सांसद की सुरक्षा बढ़ाने के लिए उनके समर्थकों ने यह साजिश रची थी। इसके बदले आरोपी को धमकी भरे वीडियो के लिए पैसे देने का वादा भी किया गया था। यह जानकारी पूर्णिया एसपी कार्तिकेश शर्मा ने मंगलवार को दी।
धमकी देने वाले आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं
एसपी कार्तिकेश शर्मा ने बताया कि पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी देने वाला वीडियो लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांगने के लिए भेजा गया था। मामले की जांच में यह सामने आया कि आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है और वह पप्पू यादव का समर्थक रहा है।
पप्पू यादव के समर्थकों द्वारा रची गई थी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने यह खुलासा किया कि पप्पू यादव के सहयोगियों ने ही उसकी सुरक्षा बढ़ाने के लिए उसे धमकाने की योजना बनाई थी। इसके लिए आरोपी को 2 लाख रुपये और भविष्य में एक नेता बनने का लालच दिया गया था, हालांकि इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।