RJD ने कानून-व्यवस्था पर बोला बड़ा हमला : ‘बिहार में अपराधी बेलगाम, नीतीश कुमार अचेत’

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को पता ही नहीं चल रहा है कि राज्य में क्या हो रहा है और अपराधी पूरी तरह से बेलगाम हो चुके हैं।

शक्ति सिंह यादव ने कहा, “बिहार में अपराधियों का तांडव इस कदर बढ़ गया है कि वे अब घर में घुसकर गोली मार रहे हैं, बलात्कार कर रहे हैं और दिनदहाड़े सड़कों पर गोली चला रहे हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि अपराधियों ने खुद को ‘सम्राट’ मान लिया है और उनके सामने पूरा सरकारी तंत्र घुटने टेक चुका है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

RJD प्रवक्ता ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में ‘ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग’ चल रहा है, जिसे ‘चार लोग’ मिलकर चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ रही है।

यादव ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार पूरी तरह से ‘भगवान भरोसे’ चल रहा है। उन्होंने कहा कि न तो मुख्यमंत्री को कोई चिंता है और न ही प्रशासन को किसी से कोई मतलब है। RJD का यह हमला ऐसे समय में आया है जब राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं, जिससे सरकार पर विपक्ष का दबाव बढ़ रहा है।

Share This Article