बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के एक दिन बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने परिवार से रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव, संजय यादव और रमीज़ ने उन्हें परिवार से अलग किया। रोहिणी ने दावा किया कि इन नेताओं का नाम लेने पर गालियां दी जाती हैं और चप्पल से मारने की धमकी भी दी जाती है।
रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि ये नेता किसी भी जिम्मेदारी को नहीं लेना चाहते। उन्होंने कहा, “पूरा देश जानना चाहता है कि पार्टी इतनी बुरी तरह क्यों हार गई। चाणक्य बनने वाले से ही सवाल पूछे जाते हैं। जब कार्यकर्ता उनसे सवाल करते हैं, तो पूरा देश और दुनिया पूछ रही है कि पार्टी का हाल ऐसा क्यों हुआ। संजय यादव और रमीज़ का नाम लेने पर आपको घर से निकाल दिया जाता है, अपमानित किया जाता है और गालियां दी जाती हैं।”
बिहार की सियासत में शनिवार, 15 नवंबर को हलचल मच गई, जब आरजेडी प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने राजनीति छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने अपने परिवार से दूरी बनाने की भी घोषणा की। रोहिणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज़ ने मुझसे यही करने को कहा था। मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूं।”