सिटी पोस्ट लाइव
आगामी नगर निकाय उपचुनाव 2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। इसी सिलसिले में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु ने नगर निगम सहरसा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं, और संसाधनों की उपलब्धता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
यह उपचुनाव सहरसा नगर निगम के वार्ड संख्या 19, सोनवर्षा नगर पंचायत, और सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के एक-एक वार्ड में आयोजित किया जा रहा है। इन तीन क्षेत्रों के लिए कुल 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
अधिकारियों ने आम मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मतदान के दिन पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। इस निरीक्षण से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन चुनाव को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।