बिहार में पछुआ हवा के असर से ठंड और ज्यादा तीखी हो गई है। मौसम विभाग ने आज भी पूरे राज्य में घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे का असर इतना गंभीर है कि जमुई में हुए एक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पटना, जहानाबाद सहित कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता घटकर महज 10 मीटर रह गई है।
समस्तीपुर में सर्दी ने पहाड़ी इलाकों जैसा असर दिखाना शुरू कर दिया है। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो शिमला के 6 डिग्री के करीब है, जबकि सहरसा में पारा 6.7 डिग्री दर्ज किया गया। घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ नजर आया। कम दृश्यता के कारण बेंगलुरु–पटना और हैदराबाद–पटना की एक-एक जोड़ी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 11 जोड़ी विमानों के संचालन में देरी हुई। वहीं 14 ट्रेनें भी अपने तय समय से लेट रहीं। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बिहार के मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है और आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने, खुले में निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।
ठंड और कोहरे के चलते रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान पानी, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी झेलनी पड़ रही है। गुरुवार को 14 एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट रहीं। राजधानी पटना में गुरुवार की सुबह तेज ठंडी हवा चली, जिसके कारण करीब 10 बजे तक कुहासा छंट गया और हल्की धूप निकली, हालांकि धूप का असर सीमित ही रहा। इस दौरान पटना का अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान किशनगंज में 23 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पूर्णिया में अत्यधिक ठंड के साथ भागलपुर, गया और मधुबनी जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 और 28 दिसंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में घना कोहरा और कोल्ड डे की आशंका है, जबकि 29 और 30 दिसंबर को पश्चिमी बिहार के एक-दो इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति बन सकती है। अगले पांच दिनों तक उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई क्षेत्रों मंन घना कुहासा और कोहरा छाए रहने तथा उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।