वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का NDA में जाने से इनकार, महागठबंधन में ही रहेंगे

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने उन अटकलों पर विराम लगा दिया है, जिनमें उनके महागठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल होने की बात कही जा रही थी। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीधे तौर पर कहा कि कुछ लोग उनके इर्द-गिर्द घूम रहे हैं और चाहते हैं कि वह पाला बदल लें, लेकिन वह महागठबंधन के साथ ही रहेंगे।

सहनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं दावे के साथ कहता हूं कि मैं महागठबंधन में हूं, महागठबंधन में सीट का बंटवारा करूंगा, महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ूंगा और सरकार भी बनाऊंगा। जिस दिन मैं शपथ लूंगा, उस दिन आप लोग मुझसे बात कीजिएगा।” उन्होंने दोहराया कि वह किसी भी हाल में महागठबंधन छोड़कर नहीं जा रहे हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुकेश सहनी ने वोटर लिस्ट के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में “पूरा फर्जीवाड़ा” हो रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग और भारत सरकार से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से देखा जाए और बिहार से चुने गए 40 सांसदों की सदस्यता रद्द की जाए। उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़े के जरिए चुनाव जीतने वाले सांसदों को बर्खास्त करना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा, “नीतीश कुमार ने कहा था कि मर जाएंगे, मिट जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। उनकी बात छोड़ दीजिए, लेकिन मैं सीधे तौर पर कह रहा हूं कि मैं महागठबंधन के साथ हूं और इसी के साथ चुनाव लड़ूंगा, सरकार बनाऊंगा और शपथ भी लूंगा।” सहनी के इस बयान से बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

Share This Article