सिटी पोस्ट लाइव
पटना: जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा आज भाजपा कार्यालय पहुंचे, यहां उन्होंने एकदम दो टूक कहा कि किसी को कोई कंफ़्यूज़न नहीं होना चाहिए। नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार में एनडीए चुनाव लड़ेगा और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। बीजेपी कार्यालय में एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पहुंचे थे।
ललन सिंह ने तो एकदम भड़कते हुए कहा कि कोई नैरेटिव सेट करने की कोशिश न करे। बीजेपी दफ़्तर में एनडीए की जो बैठक हो रही है उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मधुबनी दौरे को लेकर चर्चा तो की जाएगी, साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति और सीटों के तालमेल पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के चेहरा को लेकर संजय झा ने बीजेपी ऑफ़िस में बिलकुल साफ कहा कि 2025 का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर ही फिर से लड़ा जाएगा।
संजय झा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि समय से जनता सब का हिसाब कर देती है यह दिखाई भी दे रहा है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और दूसरे वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मंत्री अशोक चौधरी भी भाजपा कार्यालय पहुंचे थे।