सिटी पोस्ट लाइव
रांची : झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के 12वें दिन मंगलवार को ध्यानाकर्षण के जरिये भाजपा विधायक सीपी सिंह ने सिरमटोली फ्लाईओवर मामले को सदन में रखा। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर को लेकर वहां के लोग आंदोलनरत हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि इस मामले को लेकर उनके साथ-साथ मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों का पुतला फूंका गया। यह उनके विधानसभा में आता है। सरहुल में पूजा-अर्चना होती है जहां हजारों लोग आते हैं।
इसका समाधान जल्द किया जाए। इस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सामाजिक संगठनों के माध्यम से यह विषय मेरे पास आया है। चिंता की कोई बात नहीं है। सरहुल मनेगा और बढ़िया से मनेगा। दरअसल सरहुल पर्व झारखंड और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में मनाया जाता है। इसमें प्रकृति विशेषकर साल वृक्ष (सखुआ)की पूजा की जाती है। यह पर्व नए साल की शुरूआत और बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है।
CM ने डीएसपी प्रदीप कुमार को किया निलंबित, विभागीय कार्यवाही का निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को एटीएस के तत्कालीन डीएसपी प्रदीप कुमार को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रदीप कुमार, तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक, एटीएस रांची को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सरकार के अनुसार उनके आचरण तथा कृत्यों से पुलिस की गरिमा तथा छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ा है, जिस वजह से उनके विरुद्ध यह आदेश मुख्यमंत्री ने दिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदीप कुमार पर बिहार के औरंगाबाद के एक युवक ने गंभीर आरोप लगाये थे। युवक का आरोप था कि डीएसपी पीपी कुमार के उसकी पत्नी से नजदीकी संबंध हैं। वह रात-रातभर उनकी पत्नी से फोन पर बात करते हैं। जब वे इसका विरोध करते थे तो वे उसे जान से मारने की धमकी देते थे। युवक का यह भी आरोप है कि एटीएस के तत्कालीन डीएसपी जातिसूचक शब्द का प्रयोग कर उसे अपशब्द बोलते थे। पीड़ित का आरोप है कि वह उस पर पत्नी को तलाक देने के लिए भी दबाव बना रहे थे। ऐसा नहीं करने पर इसका अंजाम भुगतने की धमकी देते थे।
औरंगाबाद के युवक ने इस मामले की शिकायत झारखंड सरकार के गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस मुख्यालय से की थी। झारखंड सरकार ने पीड़ित युवक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के लिए टीम गठित की थी। रिपोर्ट आने के बाद एटीएस के तत्कालीन डीएसपी प्रदीप कुमार को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी।