सिटी पोस्ट लाइव
पटना। राजधानी पटना में शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में डायल 112 में तैनात महिला सिपाही की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सचिवालय थाना क्षेत्र के आईपीएस मोड़ के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के दौरान स्कूटी सवार भाई-बहन बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान महिला सिपाही की मौत हो गई। मृतका की पहचान अलका अनुपम के रूप में हुई, जो डायल 112 के कंट्रोल रूम में सिपाही के पद पर तैनात थीं।
जानकारी के मुताबिक, अलका अनुपम अपने भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर से ड्यूटी के लिए निकल रही थीं। जब वे आईपीएस मोड़ के पास पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अलका की मौत, भाई की हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई-बहन को अस्पताल भिजवाया, लेकिन इलाज के दौरान अलका अनुपम ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनका भाई अभी भी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

आरोपी वाहन चालक गिरफ्तार
इस घटना पर पटना ट्रैफिक एसपी अपराजिता लोहान ने जानकारी देते हुए बताया कि डायल 112 में तैनात महिला सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई है, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है। जांच के दौरान पता चला कि तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मारी थी, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना घटी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। अलका अनुपम की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है। वहीं, पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और यह जांच कर रही है कि कहीं यह लापरवाही से हुई दुर्घटना तो नहीं थी।
