सिटी पोस्ट लाइव : आरजेडी को ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मानसिकरूप से अस्वस्थ साबित कर वह चुनाव में फायदा उठा सकता है.आरजेडी की तरफ से नीतीश कुमार पर लगातार हमला जारी है. चुनावी बयानबाजी के साथ-साथ पोस्टर वार भी शुरू हो गया है. राष्ट्रीय जनता दल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक 1 मिनट 32 सेकेंड का वीडियो शेयर किया है. जिसमें नीतीश कुमार को ’74 साल का तथाकथित युवा’ कहकर संबोधित किया गया है.
आरजेडी ने लिखा, ‘दिमाग और जुबान नहीं दे रहा है, साथ फिर भी आजीवन चाहते हैं कुर्सी अपने पास. कोरोना काल में महीनों बाहर नहीं निकले, महिलाओं और युवाओं के प्रति उनकी टिप्पणी असंवेदनशील रही और ‘सुशासन’ की रट के बावजूद बिहार हर क्षेत्र में पिछड़ता रहा.’नीतीश कुमार की कथित अनाप-शनाप और अशोभनीय बातों से जनता और उनकी पार्टी के लोग तक असहज महसूस करते हैं. मुख्यमंत्री की उम्र और सेहत उनके कामकाज में बाधा बन चुकी है, बावजूद इसके वे आजीवन सत्ता में बने रहना चाहते हैं.’
ये 74 साल का तथाकथित ‘युवा’ बिहार को है ले डूबा. कोरोना में महीनों बाहर निकल ना पाया, कभी महिलाओं को बेइज्जत किया, तो कभी है युवाओं को गरियाया. सुशासन-सुशासन रटते रहे पर हर क्षेत्र में बिहार को है फिसड्डी बनाया. कभी अनाप-शनाप बकते हैं तो कभी अशोभनीय बातों से सबको लज्जित करते हैं. कब क्या कर देंगे, क्या कह देंगे यह डर उनकी पार्टी में ही है समाया.दिमाग और जुबान नहीं दे रहा है साथ फिर भी आजीवन चाहते हैं कुर्सी अपने पास। भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अफसरशाही का लगातार होता है प्रहार, त्राहिमाम जनता कह रही है बस भी करो कुर्सी कुमार। अबकी बनाएंगे बिहारी युवा की सरकार अबकी बनाएंगे तेजस्वी सरकार.