पवन सिंह की सभा में भगदड़: पूर्वी चंपारण में बेकाबू भीड़ ने तोड़ा पंडाल, बाल-बाल बचे हजारों समर्थक

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार के अंतिम दिनों में, भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह की एक चुनावी सभा में रविवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पकड़ीदयाल में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित इस सभा में भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि लोगों के बैठने के लिए लगाए गए विशाल पंडाल के बैरिकेडिंग और बांस-बल्ले टूटकर नीचे गिर गए।

जैसे ही पवन सिंह मंच पर पहुंचे, उन्हें देखने और उनकी एक झलक पाने के लिए समर्थकों का उत्साह इतना ज्यादा बढ़ गया कि कई उत्साही युवा पंडाल के ढांचे पर ही चढ़ गए। इस अतिरिक्त दबाव के कारण पूरा पंडाल ढह गया और अफरातफरी मच गई। यह महज एक बड़ा संयोग और सौभाग्य रहा कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और पंडाल के नीचे मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति काबू
पंडाल गिरने और बेकाबू भीड़ के कारण कुछ देर के लिए सभा स्थल पर भगदड़ जैसा माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को तुरंत काबू में किया और लोगों को शांत कराया। खुद पवन सिंह ने भी मंच से लगातार लोगों से शांत रहने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। अनियंत्रित भीड़ के कारण सुरक्षा कारणों से पवन सिंह को जल्द ही अपनी सभा समाप्त करनी पड़ी।

मोदी-नीतीश के समर्थन में किया संबोधित
अव्यवस्था के बावजूद, स्थिति नियंत्रित होने के बाद पवन सिंह ने मंच से लोगों को संबोधित किया और एनडीए (NDA) प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। पवन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोगों को मोदी-नीतीश के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और बिहार में फिर से भारी बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने वहां मौजूद अपार भीड़ से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सभा के दौरान, पवन सिंह ने अपने प्रशंसकों का मनोरंजन भी किया और भीड़ की मांग पर “मोदी-नीतीश के जोड़ी हिट बा…” गाना भी गाया। इसी बीच, एक भावुक क्षण भी आया जब एक महिला अपने बेटे के साथ पवन सिंह और उनकी मां की तस्वीर लेकर मंच पर पहुंची। पवन सिंह ने उन्हें मंच पर बुलाया, सम्मानित किया, गले लगाया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाया, जिससे उनके समर्थक और भी ज्यादा उत्साहित हो गए।

Share This Article