पटना में सख्ती: खुले में थूकते पकड़े गए तो लगेगा 500 का जुर्माना, फोटो होगी सार्वजनिक…

Ritu Raj

अब राजधानी पटना में खुले में थूकना लोगों को भारी पड़ सकता है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने पान-गुटखा खाकर सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। खुले में थूकते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति से 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा और उसकी तस्वीर वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएगी।

नगर निगम ने ऐसे लोगों को ‘नगर शत्रु’ की श्रेणी में रखने का फैसला किया है, ताकि समाज में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया जा सके। इसके लिए शहर में लगे करीब 3300 सीसीटीवी कैमरों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जोड़ा गया है। इन कैमरों की मदद से खुले में थूकने वालों की पहचान की जाएगी और उनकी तस्वीरें सार्वजनिक स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी। खुले में पेशाब करने वालों पर भी इसी तरह जुर्माना लगाया जाएगा। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर निगम की टीमों को मौके पर ही सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। पान-गुटखा थूकने से चौक-चौराहों, फ्लाइओवरों और सड़कों के किनारे कई जगह गंदगी के रेड स्पॉट बन गए हैं, जिससे शहर की छवि खराब हो रही है। इसी को रोकने के लिए यह अभियान तेज किया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसके साथ ही मल्टी मॉडल हब से पटना जंक्शन को जोड़ने वाली भूमिगत सब-वे में अब तक खुले में थूकने के करीब 250 मामलों में जुर्माना वसूला जा चुका है। वहीं दिसंबर महीने से अब तक 156 लोगों को थूकते हुए पकड़ा गया, जहां एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को साफ रखने में सहयोग करें। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों को गंदा करता दिखे, तो इसकी सूचना टॉल फ्री नंबर 155304 पर दें। निगम का कहना है कि अगर लोग खुले में थूकना बंद कर दें, तो न सिर्फ पटना की स्वच्छता रैंकिंग सुधरेगी, बल्कि शहर की सुंदरता भी और निखरेगी।

Share This Article