बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार गठन की तैयारियाँ तेज होते ही कटिहार में राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है। जिले में लगातार पाँचवीं बार कटिहार सदर सीट जीतने वाले पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को एक बार फिर मंत्री या उपमुख्यमंत्री पद देने की जोरदार मांग स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई जा रही है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तल्लु बास्की ने भी तारकिशोर प्रसाद को मंत्री बनाए जाने की मांग का समर्थन किया। उनका कहना है कि बिहार की जनता ने एनडीए को स्पष्ट जनादेश दिया है और कटिहार के लोगों ने प्रसाद पर लगातार भरोसा जताया है, इसलिए उन्हें दोबारा मौका मिलना चाहिए। इसी कड़ी में बजरंग दल के जिला संयोजक पवन पोद्दार ने भी प्रसाद की वापसी की वकालत की। पोद्दार ने कहा कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उनके काम का ही नतीजा है कि जनता ने उन्हें पाँचवीं बार जीत दिलाई है।