बिहार विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव एक बार फिर आक्रामक नजर आए। शुक्रवार (2 जनवरी) को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। यह हमला उत्तराखंड के एक बीजेपी नेता की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर था, जिसे तेजस्वी यादव ने महिलाओं और बिहार के प्रति बीजेपी की सोच से जोड़कर देखा।
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में उत्तराखंड के एक बीजेपी नेता का 39 सेकंड का वीडियो शेयर किया, जिसमें महिलाओं और बिहार को लेकर बेहद आपत्तिजनक बयान दिए जाने का आरोप है। वीडियो साझा करते हुए तेजस्वी ने लिखा कि बीजेपी की सोच शुरू से ही महिलाओं और बिहार के लिए जहरीली रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले महिलाओं के वोट खरीदने की बातें की गईं और अब बिहार से लड़कियों को पैसे देकर लाने जैसे बयान दिए जा रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय हैं। दरअसल, इस बयान के सामने आते ही बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई। राष्ट्रीय जनता दल ने इसे बिहार की महिलाओं का खुला अपमान करार दिया और बीजेपी से स्पष्ट जवाब की मांग की। आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे बयानों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि, जब इस पूरे मामले पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए। हालांकि बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने इस बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार में एक मंत्री के पति द्वारा दिया गया यह बयान बेहद शर्मनाक है। मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा कि महिलाएं कोई वस्तु नहीं हैं और इस तरह की सोच मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।